27 साल बाद महासमुंद में कांग्रेस का अध्यक्ष

छत्तीसगढ़ की महासमुंद नगर पालिका में कांग्रेस ने बड़ा उलटफेर कर दिया है। यहां हुए नगर पालिका अध्यक्ष के चुनाव में कांग्रेस की राशि महिलांग ने भाजपा के प्रकाश चंद्राकर को बड़े अंतर से हरा दिया है। अब राशि महिलांग यहां की अध्यक्ष होंगी। पूरे 27 साल बाद महासमुंद नगर पालिका में कांग्रेस का अध्यक्ष बना है।

गुरुवार को महासमुंद नगर पालिका के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ। मतदान की प्रक्रिया सुबह 11 बजे से शुरू हुई। कांग्रेस की ओर से राशि महिलांग ने पर्चा भरा। वहीं भाजपा की ओर से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने ही नामांकन किया। पालिका के 30 पार्षदों ने इसमें वाेट दिया। परिणाम आए तो भाजपा चित हो चुकी थी। यहां 19 वोट कांग्रेस प्रत्याशि राशि महिलांग के समर्थन में आए। भाजपा उम्मीदवार प्रकाश चंद्राकर को केवल 11 वोट हासिल हुए। निर्वाचन अधिकारी ने राशि महिलांग को जीत का प्रमाणपत्र दे दिया।भाजपा के लिहाज से बेहतर यह रहा कि अविश्वास प्रस्ताव में जितने वोट उनके खिलाफ पड़े थे, उससे एक वोट कम करने में वे कामयाब रहे। अविश्वास प्रस्ताव के लिए 20 वोट मिले थे।

जीत के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष राशि महिलांग ने कहा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की विकास की नीति की जीत हुई। उनकी कुशल रणनीति के कारण आज 27 साल बाद कांग्रेस को एक बार फिर नगर सरकार की जिम्मेदारी मिली है। हमारी प्राथमिकता शहर के मूलभूत सुविधाओं और शहर को विकास की गति पर लेकर जाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *