ताइवान को चीन से अलग किया गया तो हम युद्ध से नहीं हिचकेंगे
चीन के रक्षा मंत्री जनरल वेई फेंग ने ताइवान को लेकर अमेरिका को सीधी चेतावनी दे डाली है। उन्होंने कहा कि ताइवान की स्वतंत्रता का मतलब ही युद्ध है। अगर किसी देश या व्यक्ति ने ताइवान को चीन से अगल करने का प्रयास किया तो हम युद्ध से नहीं हिचकेंगे, किसी भी कीमत पर लड़ेंगे। उन्होंने अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन पर बरसते हुये एशियाई देशों को चीन के खिलाफ भड़काने का आरोप भी लगाया। जनरल वेई फेंग ने आरोप लगाया कि अमेरिका बहुपक्षवाद की आड़ में अपने हितों को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। चीन में 1949 में हुये गृहयुद्ध के बाद ताइवान अलग हो गया था । लेकिन चीन हमेशा से दावा करता रहा है कि ताइवान उसका हिस्सा है।
अमेरिकी रक्षा मंत्री ने चीन पर क्या लगाया था आरोप?
अमेरिकी विदेश मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने सिंगापुर में शांगरी-ला डायलॉग 2022 में कहा था कि चीन, स्व-शासित ताइवान द्वीप पर अपने दावे और अपनी बढ़ती सैन्य गतिविधियों से क्षेत्र में अस्थिरता पैदा कर रहा है। ऑस्टिन ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र के देशों के साथ बहुपक्षीय साझेदारी की आवश्यकता पर जोर दिया, जिसके बारे में चीनी रक्षा मंत्री ने कहा कि यह चीन को अलग-थलग करने का एक प्रयास है। ताइवान को कब्जे में लेने के लिये चीन ने सैन्य कार्रवाई से इंकार नहीं किया है। चीन इस बात पर भी कायम है कि यह घरेलू राजनीतिक मसला है।
