सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता, जेल में किया हनुमान चालीसा का पाठ
छत्तीसगढ़ में धरना-प्रदर्शन को लेकर जारी सरकारी आदेश के खिलाफ BJP का सोमवार को प्रदेश भर में जेल भरो आंदोलन जारी है। रायपुर में करीब दो घंटे से चल रहे प्रदर्शन के बाद पुलिस ने पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल सहित करीब 2000 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। BJP का दावा है कि प्रदेश में 70 हजार कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी है।
रायपुर में पूर्व मंत्री बृज मोहन अग्रवाल काले गुब्बारे लेकर सेंट्रल जेल परिसर में बैठे रहे। वहीं जांजगीर में कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ रहे भाजपाइयों ने बैरिकेड तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। रायगढ़ में भी प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है। बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कवर्धा और दुर्ग में भी प्रदर्शन किया गया।
इधर, रायपुर में गिरफ्तारी के बाद भी बीजेपी कार्यकर्ताओं को विरोध जारी रहा। कार्यकर्ताओं ने जेल के बाहर पुतला जलाया। इसके चलते पुलिस ड्रोन कैमरे से प्रदर्शनकारियों की निगरानी करती रही। वहीं जिन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने जेल के अंदर ही हनुमान चालीसा का पाठ किया।