भारत के हिजाब विवाद में मुस्लिम लड़कियों का सपोर्ट
भारत के हर छोटे बड़े मामले में बेतुकी बयानबाजी करने वाले पाकिस्तानी नेता अपने यहां महिलाओं खिलाफ हो रही हैवानियत पर एक शब्द भी नहीं बोल पाते हैं। हाल ही में इसका एक उदाहरण सिंध में देखने को मिला। पाकिस्तान अखबार द डॉन के मुताबिक, सिंध के मीरपुरखास जिले में तुंगरी समुदाय के कुछ पुरुषों ने मुस्लिम राजपूत समुदाय की 2 लड़कियों को अगवा कर रात भर दुष्कर्म किया। बाद में पुलिस ने इन दोनों लड़कियों को छुड़ाया।
सिंध के SSP असद चौधरी ने बताया- तुंगरी समुदाय की एक महिला ने राजपूत समुदाय के लड़के के साथ भागकर शादी कर ली। जिसका बदला लेने के लिए 6 फरवरी को लड़कियों को अगवा कर उनके साथ दुष्कर्म किया गया। इस मामले में 20 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। जिसमें से 11 को गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन मुख्य आरोपी अली नवाज अब भी फरार है। भारत के हिजाब विवाद में मुस्लिम लड़कियों का सपोर्ट करने वालीं मलाला यूसुफजई और मरियम नवाज ने अब तक इतनी बड़ी घटना पर कोई बयान नहीं दिया है।
भारत में चल रहे हिजाब विवाद में मलाला यूसुफजई और मरियम नवाज ने मुस्लिम लड़कियों का सपोर्ट किया है। बीते रोज मलाला ने हिजाब पहन कर स्कूल जाने वाली लड़कियों को रोकने को भयावह बताया था। वहीं मरियम नवाज ने भी इन लड़कियों के सपोर्ट में ट्वीट किया था। मलाला खुद पाकिस्तान में कट्टरपंथियों का शिकार रह चुकी हैं, ऐसे में इस मामले में उनकी खामोशी कई सवाल खड़े करती है।