Google Analytics Meta Pixel
फीचर्डव्यापार

गेल के डायरेक्टर रंगनाथन को सरकार ने किया सस्पेंड

नई दिल्ली
सरकार ने रिश्वत मामले में गिरफ्तार गेल (इंडिया) लिमिटेड के डायरेक्टर (मार्केटिंग) ई एस रंगनाथन (ES Ranganathan) को निलंबित कर दिया है। रंगनाथन पर गेल (GAIL) से पेट्रो-रसायन उत्पाद खरीदने वाली निजी क्षेत्र की कंपनियों को ‘छूट’ देने के लिए रिश्वत लेने का आरोप है। उन्हें सीबीआई ने रविवार को गिरफ्तार किया था।

आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने 17 जनवरी को एक आदेश में कहा कि जांच जारी रहने तक रंगनाथन को सेवाओं से सस्पेंड कर दिया गया है। रंगनाथन को जुलाई, 2020 में गेल का डायरेक्टर (मार्केटिंग) नियुक्त किया गया था। वह अगले साल मई में रिटायर होने वाले थे।

सीबीआई की छापेमारी
रंगनाथन को इस मामले में सीबीआई ने गिरफ्तार किया था। रंगनाथन पर 50 लाख रुपये की रिश्वत के एवज में निजी कंपनियों को छूट देने का आरोप है। सीबीआई ने इस मामले में शुक्रवार को छापेमारी शुरू की थी। शनिवार को रंगनाथन के नोएडा स्थित घर की तलाशी लेने के साथ भीकाजी कामा प्लेस स्थित गेल मुख्यालय में उनके दफ्तर की भी तलाशी हुई। रंगनाथन के कार्यालय को सीबीआई ने सील कर दिया और उनसे पूछताछ की।

सीबीआई ने इस मामले में शनिवार को निजी कंपनियों के कुछ लोगों को गिरफ्तार किया था। सूत्रों ने बताया कि आवश्यक मंजूरी लेने के बाद रंगनाथन को 16 जनवरी को गिरफ्तार किया गया था। इसके साथ ही मंत्रालय ने गेल के डायरेक्टर (कारोबार विकास) एम वी अय्यर को डायरेक्टर (मार्केटिंग) का अतिरिक्त प्रभार सौंपने का भी आदेश जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *