मलेशिया के एनजी त्जे योंग को दी मात
वर्ल्ड चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले लक्ष्य सेन ने एक बार फिर से शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडिया ओपन के फाइनल में जगह बना ली है। शनिवार को खेले गए सेमीफाइनल में लक्ष्य सेन ने मलेशिया के एनजी त्जे योंग को हराया। लक्ष्य ने मलेशियाई खिलाड़ी को रोमांचक मुकाबले में 19-21, 21-16, 21-12 से मात दी।
तीसरी वरीयता प्राप्त लक्ष्य सेन का फाइनल में सामना रविवार को सिंगापुर के वर्ल्ड चैंपियन लोह कीन यू से होगा। लोह को कनाडा के ब्रायन यांग के गले में खराश और सिरदर्द के बाद सेमीफाइनल से हटने के कारण वॉकओवर दिया था। लोह और सेन पिछले साल 2021 में डच ओपन के फाइनल में एक दूसरे के खिलाफ खेल चुके हैं।
पहला सेट गंवाने के बाद की जोरदार वापसी
सेमीफाइनल में एनजी त्जे योंग पहला सेट 19-21 से अपने नाम किया था, लेकिन इसके बाद लक्ष्य सेन ने जोरदार वापसी करते हुए दूसरा सेट 21-16 और आखिरी सेट 21-12 से जीतकर अपने नाम किया और त्जे योंग के लिए वापसी के सभी रास्ते बंद कर दिए।
इससे पहले क्वार्टरफाइनल में लक्ष्य ने अपने ही देश के एचएस प्रणॉय को कड़े मुकाबले में 14-21, 21-9, 21-14 से हराया था। दोनों के बीच ये मुकाबला एक घंटे तक चला था।
