लशकर-ए-तैयबा ने अफगानिस्तान और PAK में नए टेरर कैम्प बनाए
मुंबई हमलों का जिम्मेदार लश्कर-ए-तैयबा (LeT) एक बार फिर एक्टिव हो गया है। अफगानिस्तान में तालिबान की हुकूमत आने के बाद इस आतंकी संगठन के हौसले बुलंद हैं। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, लश्कर ने हाल ही में अफगानिस्तान और पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में नए आतंकी कैम्प तैयार किए हैं। इनमें सैकड़ों आतंकवादियों को ट्रेनिंग दी जा रही है। माना जा रहा है कि लश्कर को इस काम में हक्कानी नेटवर्क और इस्लामिक स्टेट ऑफ खोरासान (ISIS-K) की मदद भी मिल रही है।
नए आतंकियों की भर्ती
न्यूज एजेंसी ने डेली सिख वेबसाइट के हवाले से लश्कर की तरफ से बढ़ रहे खतरे पर खबर दी है। इसके मुताबिक, अफगानिस्तान के कुछ हिस्सों और पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में लश्कर ने कई नए टेरर कैम्प्स बनाए हैं। माना जा रहा है कि आतंकी संगठन जैसे हक्कानी नेटवर्क और ISIS-K उसकी मदद कर रहे हैं। लश्कर ने ही 2008 के मुंबई हमलों को अंजाम दिया था, इनमें 160 लोग मारे गए थे। मारे गए लोगों में कुछ विदेशी नागरिक भी शामिल थे। इसके बाद पाकिस्तान पर इस आतंकी संगठन और इसके सरगना हाफिज सईद पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया था। हाफिज सईद को फिलहाल पाकिस्तान सरकार ने घर में नजरबंद कर दिया है।