कश्मीर दौरे के आखिरी दिन गृह मंत्री लेथपोरा में जवानों के बीच पहुंचे
तीन दिन के दौरे पर जम्मू-कश्मीर पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह के टूर का आज आखिरी दिन है। शाह शाम करीब 8 बजे पुलवामा जिले के लेथपोरा में सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) कैंप में पहुंचे। शाह ने देर रात जवानों के साथ खाना भी खाया। शाह के साथ जम्मू-कश्मीर के LG मनोज सिन्हा भी मौजूद थे। गृह मंत्री रात को कैंप में ही रुके। सुबह वे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
लेथपोरा CRPF कैंप पहुंचे शाह ने यहां जवानों से मुलाकात की और उनके हथियारों के बारे में भी जाना। शाह ने कहा कि मैं हमारे बहादुर जवानों की वजह से ही देश के लोग अमन-चैन से अपने घरों में सोते हैं। मैं यहां जवानों के सुख-दुख में शामिल होने आया हूं।
शाह ने कहा कि मैं यह देखना चाहता हूं कि हमारे जवान किन मुश्किलों का सामना करते हैं। शाह ने जवानों से बातचीत करते हुए कहा कि एक समय था जब कश्मीर में पथराव होता था। आज ऐसी घटनाओं की संख्या में काफी कमी आई है। मोदी सरकार की आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति है। यह मानवता के खिलाफ है और हम इसे बर्दाश्त नहीं कर सकते।
उन्होंने मंच पर लगा बुलेट प्रूफ ग्लास हटाते हुए कहा कि अब कश्मीर के लोगों को अपने दिल से डर निकाल देना चाहिए। इससे पहले सिविल सोसाइटी के लोगों को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि कश्मीर अब तरक्की की राह पर है।
मैं बिना बुलेट प्रूफ जैकेट के आपके बीच मौजूद हूं। आपसे दिल-खोलकर बात करने आया हूं। 70 साल तक यहां के युवाओं को उनका अधिकार नहीं मिला। अब उन्हें बराबरी का अधिकार मिलेगा।
शाह ने कहा कि फारूक साहब ने भारत सरकार को पाकिस्तान से बात करने की सलाह दी। मैं घाटी के युवाओं से बात करना चाहता हूं। मैंने घाटी के युवाओं के सामने दोस्ती का हाथ बढ़ाया है।