जापानी राजकुमारी के प्यार की हुई जीत, आज क्लासमेट से करेंगी शादी
टोक्यो
लंबे समय तक चले विवाद के बाद जापान की राजकुमारी माको के प्यार की जीत होने जा रही है। राजकुमारी माको अपने क्लासमेट रहे मंगेतर केइ कोमुरो के साथ मंगलवार को शादी रचाने जा रही हैं। हालांकि कई वर्षो तक चले विवादों की वजह से यह शादी शाही अंदाज में नहीं होने जा रही है। जापान के शासक नरुहितो की भतीजी माको इस हफ्ते 30 साल की होने जा रही हैं और जैसे ही यह शादी रजिस्टर होगी, उनका शादी दर्जा खत्म हो जाएगा। इस तरह शादी के बाद अब माको ‘राजकुमारी’ नहीं रहेंगी।
राजकुमारी के मंगेतर का परिवार वित्तीय संकटों से जूझ रहा
माको और उनके 30 साल के मंगेतर कोमूरो ने वर्ष 2017 में अपनी सगाई का ऐलान किया था। शादी के बाद भी राजकुमारी का विवाद पीछा छोड़ने नहीं जा रहा है। ऐसी खबरें हैं कि राजकुमारी के मंगेतर का परिवार वित्तीय संकटों से जूझ रहा है। जापान के शाही परिवार के मुताबिक मीडिया के अत्यधिक ध्यान देने की वजह से राजकुमारी माको इन दिनों तनाव में चल रही हैं। राजकुमारी माको ने अपनी शादी को टाल दिया था और कोमूरो कानून की पढ़ाई करने के लिए वर्ष 2018 में अमेरिका चले गए थे। अभी वह एक लॉ फर्म में काम करते हैं।
कोमूरो पिछले महीने जापान लौटे हैं और तभी से सुर्खियों में बने हुए हैं। राजमहल ने घोषणा की है कि राजकुमारी की होने वाली सास से जुड़े एक वित्तीय विवाद के कारण उनकी शादी को जनता का पूरी तरह समर्थन हासिल नहीं है।