‘इरुल’ के हिंदी रीमेक में नजर आ सकते हैं नवाजुद्दीन सिद्दीकी
नवाजुद्दीन सिद्दीकी की कई फिल्में रिलीज की कतार में हैं। अब इस लिस्ट में एक और फिल्म का नाम जुड़ गया है। अब जानकारी सामने आ रही है कि वे इसी साल अप्रैल में रिलीज हुई मलयालम फिल्म ‘इरुल’ की हिंदी रीमेक में नजर आ सकते हैं। जल्द ही इसकी ऑफिशियल अनाउंसमेंट की जाएगी। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ‘इरुल’ के हिंदी रीमेक के लिए नवाजुद्दीन को अप्रोच किया गया है। सूत्र ने कहा, “मेकर्स को लगता है कि ‘इरुल’ की कहानी व्यापक स्तर पर दर्शकों को आकर्षित कर सकती है। उन्होंने इसे हिंदी में भी रीमेक करने का फैसला किया है। उन्होंने फिल्म के हिंदी संस्करण में मुख्य भूमिका निभाने के लिए नवाजुद्दीन से संपर्क किया है। मेकर्स और नवाजुद्दीन के बीच बातचीत अभी शुरुआती दौर में है।” सूत्र ने आगे बताया कि मेकर्स जल्द ही नवाजुद्दीन को कास्ट करने की बातचीत को आगे बढ़ाएंगे। फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम शुरू हो चुका है। बता दें कि ऑरिजनल मिस्ट्री थ्रिलर फिल्म का निर्देशन नसीफ युसूफ इजुद्दीन ने किया था।
पंकज त्रिपाठी का ढोल बजाते हुए वीडियो वायरल
पंकज त्रिपाठी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में पंकज त्रिपाठी अपने घर में बैठकर ढोल बजाते नजर आ रहे हैं। दरअसल, यह वीडियो जेएनयू में लाठीचार्ज के दौरान घायल होने हो लेकर चर्चा में आए दिव्यांग शशिभूषण पाण्डेय ‘समद’ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है और पंकज की तारीफ की है। बता दें कि दोनों आंखों से महरूम शशिभूषण पाण्डेय यानी ‘समद’ को शेरो-शायरी में काफी रुचि है। समद पंकज त्रिपाठी से मिलने उनके घर पहुंचे और वहां गिटार बजाते हुए उन्होंने शानदार गाना भी गाया। इस दौरान पंकज त्रिपाठी भी ढोल पर ताल देते नजर आए। इस वीडियो में पंकजड त्रिपाठी की वाइफ भी इस गाने-बजाने का लुत्फ उठाती दिखाई दे रही हैं। शशिभूषण ने वीडियो शेयर कर कैप्शन में लिखा है-“कालीन भैया और हम। आज कालीन भैया के घर जाना हुआ। कितने खूबसूरत आदमी हैं पंकज भैया। इतने प्यारे, की दूसरी मुलाकात में ही हमारी हिम्मत इतनी बढ़ गई, की हम उनको पंकज सर की जगह पंकज भैया कह देते हैं। अविनाश भैया के हम बहोत शुक्रगुजार हैं। इनकी वजह से ऐसा लग जाता है की हमारा सारा सपना ये थाली में परोस कर हमको दे देते हैं। बहुत प्यार भैया। हम आप का साथ जिंदगी भर याद रखेंगे।”
