मैंने पोलार्ड और हार्दिक के सामने बॉलिंग अटैक लगाने से पहले मैक्सवेल और डिविलियर्स से सलाह ली थी
IPL फेज-2 में रविवार को दिन का दूसरा मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच खेला गया, जिसे RCB ने एकतरफा अंदाज में 54 रन से जीतकर अपने नाम किया। मैच में MI के सामने 166 रनों का टारगेट था, लेकिन टीम 111 रन ही बना सकी। जीत के साथ ही RCB के 12 अंक हो गए हैं और कोहली एंड कंपनी का प्लेऑफ में पहुंचने का दावा मजबूत हो गया है। मुंबई इंडियंस हार के साथ ही सातवें पायदान पर आ गई है। RCB की UAE के मैदान पर लगातार सात मैचों में मिली हार के बाद ये पहली जीत भी रही। RCB के कप्तान विराट कोहली ने जीत के बाद यह खुलासा किया कि किरोन पोलार्ड और हार्दिक पंड्या के सामने बॉलिंग अटैक लगाने से पहले ग्लेन मैक्सवेल और एबी डिविलियर्स से परामर्श लिया था। उसके बाद ही उन्होंने पहले डेनियल क्रिश्चियन और उसके बाद हर्षल पटेल को गेंद सौंपी थी।
मुंबई इंडियस को 30 गेंदों में चाहिए थे 67 रन
दरअसल मुंबई इंडियंस को 15 ओवर के खत्म होने के बाद जीत के लिए 30 गेंदों पर 67 रन की जरूरत थी। हालांकि, ये रन बनाना आसान नहीं था, लेकिन मुंबई इंडियंस के लिए मुश्किल भी नहीं था, क्योंकि उस समय क्रीज पर हार्दिक पंड्या और किरोन पोलार्ड मौजूद थे।
डेनियल क्रिश्चियन और उसके बाद हर्षल पटेल को सौंपी थी गेंद
कोहली ने बॉलिंग में परिवर्तन करते हुए 16 वें ओवर डेनियल क्रिश्चियन को और 17 वें ओवर हर्षल पटेल को सौंपी। क्रिश्चियन ने केवल 6 रन देकर पंड्या और पोलार्ड पर दबाव बनाया, वहीं 17वें ओवर की पहली तीन गेंदों पर पटेल ने पंड्या, पोलार्ड और राहुल चाहर को अपना शिकार बनाकर मैच में RCB की पकड़ पूरी तरह से बना दी। मुंबई की पूरी टीम 18.1 ओवर में 111 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
