सिद्धार्थ शुक्ला की अंतिम यात्रा: श्मशान लाया गया सिद्धार्थ शुक्ला का पार्थिव शरीर
टीवी और फिल्मों के मशहूर ऐक्टर और ‘बिग बॉस 13’ के विनर सिद्धार्थ शुक्ला अब हमारे बीच नहीं हैं। सिद्धार्थ शुक्ला की गुरुवार को हार्ट अटैक से मौत हो गई है। आज सिद्धार्थ शुक्ला का अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम संस्कार से पहले लोखंडवाला के सेलिब्रेशन क्लब में उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन होंगे। जानकारी के मुताबिक, आज सुबह 11 बजे सिद्धार्थ शुक्ला के परिवार को उनका शव सौंपा जाएगा। मुंबई पुलिस भी उसी दौरान अपना आधिकारिक बयान जारी कर सकती है।
सिद्धार्थ शुक्ला की मौत की खबर ने पूरी फिल्म और टीवी इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है। किसी को भी इस पर यकीन नहीं हो रहा है। सिद्धार्थ शुक्ला की गुरुवार को हार्ट अटैक आने से मौत हो गई। सिद्धार्थ शुक्ला अपनी मां के बहुत करीब थे। कुछ साल पहले पिता की मौत हो जाने के बाद मां रीता शुक्ला ने अकेले ही पाला था। लेकिन मां को क्या पता था कि जिस लाडले में वह अपने बुढ़ापे का सहारा देख रही थीं, वह उन्हें यूं अकेला छोड़ जाएगा।
सिद्धार्थ शुक्ला भले ही बाहरी दुनिया के लिए एकदम टफ रहे हों, लेकिन जब भी मां की बात आती थी तो वह मोम की तरह पिघल जाते थे। सिद्धार्थ तीनों भाई-बहनों में सबसे छोटे थे और इसलिए मां के लाडले थे। छोटे थे तो इसलिए बहनों के साथ खेल भी नहीं पाते थे। तब मां उन्हें अपने पास रखतीं और ढेर सारा वक्त साथ में बितातीं। सिद्धार्थ ने बताया था कि वह मां से एक सेकंड के लिए भी दूर नहीं रह पाते थे। इसीलिए मां जब रोटी भी बनाती तो एक हाथ में बेलन रहता और एक तरफ गोद में सिद्धार्थ। सिद्धार्थ भले ही घर में सबसे छोटे रहे हों, लेकिन वह मां के बेस्ट फ्रेंड बन गए।
