मास्टरमाइंड हयात जफर अरेस्ट, पुलिस कमिश्नर ने कहा- अब तक 36 उपद्रवियों की पहचान हुई
कानपुर के बेकनगंज में हुई हिंसा के मास्टरमाइंड हयात जफर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस कमिश्नर विजय सिंह मीना शनिवार दोपहर मीडिया के सामने आए। उन्होंने कहा कि कानपुर का माहौल खराब करने वालों पर NSA और गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी। उनकी संपत्तियों पर बुलडोजर चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानपुर हिंसा के बाद हाशमी के साथ मुख्य आरोपी जावेद अहमद खान, मो. राहिन और मो. सूफियान को भी गिरफ्तार किया गया है। दरअसल, बवाल के बाद मुख्य आरोपी कानपुर छोड़कर भाग निकले थे। आरोपी जावेद एशियन वायस पोस्ट यूट्यूब चैनल चलाता है। जिसका ऑफिस लखनऊ के हजरतगंज में बनाया है। इसी सेफ हाउस में वो अपने साथियों के साथ छिपा हुआ था। वहीं से उन्हें पकड़ा गया।
वेस्ट बंगाल और मणिपुर बंद का ऐलान पीएफआई ने किया, कानपुर कनेक्शन की छानबीन हो रही
पुलिस कमिश्नर विजय सिंह मीना ने कहा कि वेस्ट बंगाल और मणिपुर में 3 जून को पापुलर फ्रंट आफ इंडिया (पीएफआइ) ने बंदी की आह्वान किया गया था। हम छानबीन कर रहे हैं कि इसी दिन कानपुर में बंदी के आह्वान में पीएफआई की क्या भूमिका थी। आरोपियों के पास से 6 मोबाइल फोन और कुछ अहम दस्तावेज मिले हैं। जिसकी फोरेंसिक जांच हो रही है। पूछताछ में 5 से 6 नए नाम भी सामने आए हैं। उनके बैंक खातों के ट्रांसजेक्शन जांचे जा रहे हैं। आगे की जांच के लिए कोर्ट से आरोपियों की 14 दिन की न्यायिक हिरासत की मांग की जाएगी।
कानपुर पुलिस ने बवाल के 12 घंटे के अंदर 24 आरोपियों को पकड़ लिया है। वीडियो फुटेज से 36 आरोपियों की पहचान हुई है। पूछताछ जारी है, पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद पुलिस आरोपियों को कोर्ट में लेकर पहुंची है।