छत्तीसगढ़ में खत्म नहीं हुआ कांग्रेस का झगड़ा, दिल्ली में जमे सिंहदेव
रायपुर
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की समझाइश के बावजूद छत्तीसगढ़ में पार्टी का झगड़ा अभी खत्म नहीं हुआ। गुरुवार सुबह से पार्टी विधायक और मंत्रियों का दिल्ली जाने का सिलसिला जारी है। राज्य कैबिनेट के कम से कम दो मंत्री और कांग्रेस के एक दर्जन से ज्यादा विधायक दिल्ली पहुंचे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव पहले से ही दिल्ली में मौजूद हैं और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भी शुक्रवार को वहां पहुंचने की संभावना है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बघेल और सिंहदेव की सोनिया, राहुल और प्रियंका गांधी से मुलाकात हो सकती है। एनबीटी से बातचीत में हालांकि टीएस सिंहदेव ने ऐसी किसी संभावना से अनभिज्ञता जताई है।
टीएस सिंहदेव ने गुरुवार को मुख्यमंत्री बनने की अपनी इच्छा दबी जुबान से जाहिर कर दी, लेकिन यह भी कहा कि वे आलाकमान के निर्देश पर काम करेंगे। गुरुवार शाम को नवभारत टाइम्स से बातचीत में सिंहदेव ने यही बात दोहराते हुए कहा कि उन्हें विधायकों के दिल्ली आने के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ मुलाकात से भी अनभिज्ञता जताई। हालांकि, उन्होंने यह जरूर कहा कि वे छत्तीसगढ़ में ही बने रहना चाहते हैं। दूसरे शब्दों में कहें तो उन्होंने किसी दूसरे राज्य में पार्टी की ओर से कोई बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने से इनकार किया।