जब तक अफगानिस्तान में है एक भी अमेरिकी सैनिक, नहीं बनेगी सरकार: तालिबान
काबुल
अफगानिस्तान पर कब्जा करने के बाद तालिबान जल्द से जल्द सत्ता में आने की कोशिश कर रहा हैं। उसने अमेरिका को चेतावनी भी दी है कि 31 अगस्त तक अपने सभी सैनिकों को वापस बुला ले वरना खतरनाक परिणाम होंगे। तालिबान ने यह भी दावा किया है कि जब तक देश में एक भी अमेरिकी सैनिक रहेगा, सरकार नहीं बनाई जाएगी। उधर, काबुल एयरपोर्ट पर सोमवार को शूटिंग में एक अफगान सुरक्षा अधिकारी के मारे जाने की खबर है।
तालिबान के प्रवक्ता सुहैल शाहीन ने कहा था कि अमेरिकी राष्ट्रपति साफ कर चुके हैं कि सैनिकों की वापसी का काम 31 अगस्त तक पूरा हो जाएगा और अब 31 अगस्त के बाद एक भी दिन का समय नहीं दिया जाएगा। अगर सैनिकों की वापसी के लिए उससे आगे का समय मांगा गया तो इसके गंभीर परिणाम भी भुगतने पड़ सकते हैं।
अफगान सुरक्षा अधिकारी की मौत
वहीं, इससे पहले जर्मनी की सेना ने कहा कि सोमवार को काबुल हवाईअड्डे के उत्तरी द्वार पर अफगानिस्तान के सुरक्षा बलों और अज्ञात हमलावरों के बीच गोलीबारी हुई है जिसमें एक अफगान सुरक्षा अधिकारी की मौत हो गई। सेना ने ट्वीट करके बताया कि सोमवार को तड़के हुई इस मुठभेड़ में अफगानिस्तान के एक सुरक्षा अधिकारी की मौत हो गई है जबकि तीन अन्य घायल हो गए हैं।
