महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुष्मिता देव ने पार्टी से इस्तीफा दिया

कांग्रेस की सीनियर नेता और ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुष्मिता देव ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। पहले उन्होंने पार्टी का व्हाट्सऐप ग्रुप छोड़ा। इसके बाद ट्विटर के बायो में खुद को कांग्रेस का पूर्व नेता बताया। फिर उन्होंने पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना इस्तीफा भेज दिया।

सुष्मिता देव ने अपने इस्तीफे में लिखा कि करीब 30 साल कांग्रेस पार्टी के साथ काम करना उनके लिए यादगार रहा। उन्होंने आगे लिखा है कि अब वह जनकल्याण के कामों में अपना समय लगाना चाहती हैं। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से पार्टी से नाराज चल रही थीं। असम विधानसभा चुनाव के दौरान भी उनकी नाराजगी सामने आई थी।

सुष्मिाता देव के TMC में शामिल होने के कयास
कयास लगाए जा रहे हैं कि सुष्मिाता देव TMC में शामिल हो सकती हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, सुष्मिता TMC नेताओं के संपर्क में हैं और जल्द ही कोलकाता पहुंच कर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी या अभिषेक बनर्जी से मिल सकती हैं। हालांकि, सुष्मिता ने अभी तक इस पर कोई बयान नहीं दिया है।

सुष्मिता देव का ट्विटर अकाउंट भी लॉक हुआ था
सुष्मिता देव कांग्रेस के उन नेताओं में शामिल थीं जिनका ट्विटर अकाउंट हाल ही में लॉक हुआ था। कांग्रेस ने इसे लेकर माइक्रोब्लॉगिंग साइट पर सवाल खड़े किए थे। राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि ट्विटर केंद्र सरकार के दबाव में काम कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *