पार्टी के कई नेताओं ने अकाउंट से खुद का नाम हटाकर राहुल गांधी का लिखा

कांग्रेस और ट्विटर की जंग तेज हो गई है। पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपना ट्विटर अकाउंट राहुल गांधी के नाम पर कर दिया है। इनमें दिल्ली कांग्रेस नेता अलका लांबा, यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू भी शामिल हैं। वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर राहुल गांधी की फोटो लगा दी है। श्रीनिवास ने ट्वीट करके कहा कि तुम कितने ट्विटर अकाउंट रोकोगे? हर कार्यकर्ता राहुल गांधी की आवाज बनकर तुमसे तीखे सवाल पूछेगा। आइए मिलकर इस जन-आंदोलन का हिस्सा बनते हैं।

कांग्रेस का आरोप है कि माइक्रोब्लॉगिंग साइट ने पार्टी और राहुल गांधी समेत कई सीनियर नेताओं के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल लॉक कर दिए हैं। बुधवार रात कांग्रेस के पांच सीनियर लीडर्स के ट्विटर अकाउंट लॉक किए गए। इनमें पार्टी महासचिव और पूर्व मंत्री अजय माकन, लोकसभा में पार्टी के व्हिप मणिकम टैगोर, असम प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुष्मिता देव शामिल हैं।

आवाज उठाना अपराध है, तो यह सौ बार करेंगे: कांग्रेस
कांग्रेस ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए फेसबुक पर लिखा, ‘जब हमारे नेताओं को जेलों में बंद कर दिया गया, हम तब नहीं डरे तो अब ट्विटर अकाउंट बंद करने से क्या खाक डरेंगे। हम कांग्रेस हैं, जनता का संदेश है, हम लड़ेंगे, लड़ते रहेंगे। अगर बलात्कार पीड़ित बच्ची को न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाना अपराध है, तो यह अपराध हम सौ बार करेंगे। जय हिंद…सत्यमेव जयते।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *