पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद पर 23 को होगी सिद्धू की ताजपोशी
चंडीगढ़
नवजोत सिंह सिद्धू शुक्रवार को पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष बनने जा रहे हैं। उनके ताजपोशी कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह को भी न्योता भेजा गया है। पंजाब कांग्रेस कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष कुलजीत नागरा और संगत सिंह गिलजियां ने अमरिंदर सिंह से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में आने का न्योता दिया। उनका दावा है कि कैप्टन ने समारोह में आने का वादा किया है। वहीं, राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है कि क्या अब कैप्टन और सिद्धू के बीच तल्खी खत्म हो जाएगी।
कांग्रेस कमिटी के दोनों नेताओं ने सिद्धू का साइन किया गया आमंत्रण पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा। सिद्धू की ताजपोशी का कार्यक्रम शुक्रवार सुबह 11 बजे होगा। इस दौरान सुनील जाखड़ सिद्धू को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद की कमान सौंपेंगे। पंजाब सरकार के सभी मंत्रियों, विधायकों और नेताओं को इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है।