अमृतसर में कमिश्नरेट पुलिस और फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) ने बिना जरूरी रजिस्ट्रेशन विदेशी नागरिकों को ठहराने के मामले में कार्रवाई की
अमृतसर में कमिश्नरेट पुलिस और फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) ने बिना जरूरी रजिस्ट्रेशन विदेशी नागरिकों को ठहराने के मामले में कार्रवाई की है। पुलिस ने विदेशी नागरिकों को आवास उपलब्ध करवाने वाले व्यक्ति के खिलाफ इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट 2025 की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
वहीं, वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी भारत में रह रहे 3 थाई नागरिकों को वापस थाईलैंड डिपोर्ट कर दिया गया है।
इमारत में मिले 5 विदेशी नागरिक
पुलिस और FRRO की संयुक्त टीम ने अमृतसर के प्रताप नगर, जीटी रोड स्थित एक रिहायशी इमारत की जांच की। इस दौरान वहां 5 विदेशी नागरिक रहते हुए मिले। टीम ने जब उनके यात्रा दस्तावेजों की जांच की तो पता चला कि इनमें से 3 थाई नागरिकों के वीजा की अवधि समाप्त हो चुकी थी। इसके बावजूद वे भारत में रह रहे थे।
