एक जमाने की पॉपुलर और हाईएस्ट पेड एक्ट्रेस रहीं मुमताज ने बताया है कि हेमा मालिनी से पहले उन्हें सुपरहिट फिल्म सीता और गीता ऑफर हुई थी
एक जमाने की पॉपुलर और हाईएस्ट पेड एक्ट्रेस रहीं मुमताज ने बताया है कि हेमा मालिनी से पहले उन्हें सुपरहिट फिल्म सीता और गीता ऑफर हुई थी, हालांकि फीस कम होने पर उन्होंने फिल्म ठुकरा दी। ये बताते हुए मुमताज ने अपनी तुलना हेमा मालिनी से करते हुए खुद को उनसे बेहतर बताया है। साथ ही मुमताज ने बताया है कि धर्मेंद्र के साथ टीवी शो में बतौर गेस्ट आने के लिए उन्होंने 20 लाख रुपए फीस ली थी।
हाल ही में विक्की ललवानी से बातचीत में मुमताज से पूछा गया था कि क्या वो धर्मेंद्र के साथ फिल्म सीता और गीता करने वाली थीं, लेकिन फीस के चलते बात नहीं बनी। जवाब में उन्होंने कहा, ‘वो रमेश सिप्पी साहब की पिक्चर थी ना, वो वो खुद बहुत बड़े डायरेक्टर प्रोड्यूसर थे तो उन्हें शायद सोच सोचा होगा कि 2 लाख में कर लेंगी क्योंकि मैं एक बड़ा प्रोड्यूसर हूं। हर बड़े प्रोड्यूसर का इगो होता है। उन्होंने सोचा मैं ऑफर करूंगा तो मुमताज न नहीं करेंगी, लेकिन अल्लाह की दुआ से भगवान के आशीर्वाद से मुझे इतनी पिक्चर मिल रही थीं कि मुझे ऐसा लगा नहीं कि इस पिक्चर के बाद ही मेरा फ्यूचर होगा।’
