ट्रंप का दौरा: चीन से संबंध सुधारने की कोशिश, शी जिनपिंग से मुलाकात की उम्मीद
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के साथ संबंध सुधारने में असफलता के बाद चीन की ओर रुख किया है। पुतिन को अलग-थलग करने की कोशिश नाकाम रहने के बाद ट्रंप ने एशिया दौरे से पहले चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मिलने की इच्छा जताई है। हालांकि, यह मुलाकात अभी फाइनल नहीं हुई है, लेकिन मलेशिया में चल रही व्यापार वार्ताओं से सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं। ट्रंप का यह कदम अमेरिका-चीन व्यापार युद्ध को समाप्त करने और क्षेत्रीय स्थिरता बहाल करने की दिशा में है, जहां रूस-चीन की नजदीकी अमेरिकी कूटनीति के लिए चुनौती बनी हुई है।
ट्रंप का छह दिवसीय एशिया दौरा शनिवार को मलेशिया से शुरू हुआ, जहां वे शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं। इसके बाद जापान और दक्षिण कोरिया का दौरा होगा, जहां एपीईसी शिखर सम्मेलन के दौरान 30 अक्टूबर को शी जिनपिंग से द्विपक्षीय बैठक की उम्मीद है। व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी कैरोलाइन लेविट ने पुष्टि की कि यह बैठक दक्षिण कोरिया के ग्यॉंगजू या बुसान में हो सकती है। ट्रंप ने एयर फोर्स वन पर पत्रकारों से कहा, मुझे लगता है कि हम चीन के साथ एक शानदार सौदा करेंगे। यह दौरा ट्रंप के दूसरे कार्यकाल का पहला एशिया दौरा है, जो व्यापार, सुरक्षा और उत्तर कोरिया जैसे मुद्दों पर केंद्रित है।
