213 रन की धमाकेदार पारी के बावजूद बांग्लादेश हारा, अफगानिस्तान ने लगातार 5वीं वनडे सीरीज पर कब्जा जमाया
नई दिल्ली: अफगानिस्तान ने बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज जीत ली है. उसने 3 वनडे मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप किया. अफगानिस्तान ने अबू धाबी में 14 अक्टूबर को खेले आखिरी मुकाबले को अपने नाम करते ही सीरीज में बांग्लादेश के सफाए पर मुहर लगा दी. अफगानिस्तान की ये लगातार 5वीं वनडे सीरीज जीत रही. सीरीज के आखिरी वनडे में बांग्लादेश की हार का अंतर ही 200 रन का रहा. अबू धाबी में खेले वनडे में इससे पहले किसी भी टीम को इतने रनों के अंतर से हार का सामना नहीं करना पड़ा. ये अफगानिस्तान की भी वनडे में रनों के लिहाज से दूसरी सबसे बड़ी जीत रही. इससे पहले उसने जिम्बाब्वे को दिसंबर 2024 में 234 रन से हराया था.
213 रन ठोकने वाला बना हीरो
अफगानिस्तान को लगातार 5वीं वनडे सीरीज जिताने में इब्राहिम जादरान की बड़ी भूमिका रही. उन्होंने सीरीज में अकेले ही 213 रन कूटे. ये रन उन्होंने सीरीज में खेले 3 मैचों में 71 की औसत के साथ 14 चौके और 3 छक्के की मदद से बनाए. इस सीरीज में जादरान 2 बार अपने शतक से चूके और दोनों ही बार उनके चूकने का अंतर 5 रन का रहा. उन्होंने सीरीज के दूसरे और तीसरे वनडे में 95-95 रन की पारी खेली.
बांग्लादेश के लिए काल बने बिलाल
अफगानिस्तान को बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज का तीसरा और आखिरी वनडे जिताने में इब्राहिम जादरान के 95 रनों की तो भूमिका रही. वो अपनी टीम के टॉप स्कोरर रहे. उनके अलावा मोहम्मद नबी ने 62 रन बनाए. अफगानिस्तान ने पहले खेलते हुए 9 विकेट पर 293 रन बनाए. जवाब में बांग्लादेश के लिए अफगान टीम के गेंदबाज बिलाल शामी गले की हड्डी बन गए. उन्होंने उनकी राह में अपनी गेंदों का ऐसा रोड़ा अटकाया कि जीत का सफर तय करना ही पहाड़ जैसा काम बन गया.
