कंपनियों ने बढ़ाई हायरिंग की प्लानिंग, त्योहारी सीजन में मिलेंगे ढेरों मौके
व्यापार : त्योहारी मौसम करीब आते ही कंपनियों ने भर्तियों की तैयारी शुरू कर दी है। जुलाई से दिसंबर के बीच ई-कॉमर्स और टेक्नोलॉजी क्षेत्र नए लोगों को सबसे ज्यादा नौकरियां देंगे। टीमलीज की रिपोर्ट के मुताबिक, 88 फीसदी कंपनियों ने कहा, वे दूसरी छमाही में अच्छी खासी भर्तियां करने को तैयार हैं। इस सर्वे को मई और जुलाई में विभिन्न क्षेत्रों में किया गया था। इसमें 1,065 कंपनियों से बात की गई थी। टीमलीज एडटेक की कैरियर आउटलुक रिपोर्ट में कहा गया है कि फ्रेशर्स के लिए एक मजबूत नौकरी बाजार है।
इसमें खुदरा 87 प्रतिशत और विनिर्माण क्षेत्र 82 प्रतिशत भर्तियां करेंगे। पहले स्थान पर स्टार्टअप है, जहां युवाओं की भारी मांग है। ई-कॉमर्स और प्रौद्योगिकी स्टार्टअप्स में मजबूत भर्ती की मंशा इस क्षेत्र में विकास को दर्शाती है, जो फ्रेशर्स के लिए अवसर पैदा करती है।
टीएमलीज एडटेक के सीईओ ने दी जानकारी
टीमलीज एडटेक के सीईओ शांतनु रूज ने कहा, जैसे-जैसे उद्योग तकनीक के साथ विकसित होते हैं, तकनीकी विशेषज्ञता को मानवीय कौशल के साथ मिलाने वाले नए लोग खुद को बेहतर स्थिति में पाएंगे। हालांकि, समग्र फ्रेशर भर्ती की मंशा इस साल जनवरी-जून के दौरान 74 प्रतिशत से जुलाई-दिसंबर के लिए 70 प्रतिशत तक कम हो गई है। रिपोर्ट के अनुसार, उच्च विकास वाले क्षेत्रों में फ्रेशर्स के लिए अवसर मजबूत बने रहे। डिग्री प्राप्त प्रशिक्षुओं की मांग में लगातार वृद्धि देखी गई। इसमें विनिर्माण 37 प्रतिशत, इंजीनियरिंग-बुनियादी ढांचा 29 फीसदी और सूचना प्रौद्योगिकी 18 प्रतिशत के साथ सबसे आगे रहे।
