सोना ग्रुप विवाद की वजह बनीं रानी कपूर, कंपनी ने अब तोड़ी चुप्पी
व्यापार : संजय कपूर के निधन के बाद उनके परिवार में चल रहा विवाद अब और गहरा गया है। दरअसल कपूर परिवार के स्वामित्व वाले सोना ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी सोना बीएलडब्लू प्रीसिशन फोर्जिंग्स लिमिटेड ने कहा है कि रानी कपूर साल 2019 से कंपनी में हिस्सेदार नहीं हैं। कंपनी ने 2019 में की गई एक बाजार फाइलिंग का हवाला दिया है। रानी कपूर ने कंपनी के बोर्ड सदस्यों को पत्र लिखकर एजीएम टालने की मांग की थी।
कौन हैं रानी कपूर
रानी कपूर, दिवंगत उद्योगपति और ऑटो उपकरण बनाने वाले समूह सोना कोमस्टार के चेयरमैन रहे संजय कपूर की मां हैं। रानी कपूर ने कंपनी के बोर्ड सदस्यों को लिखे पत्र में कई खुलासे किए हैं। जिनमें रानी कपूर ने अपने बेटे संजय की मौत को संदिग्ध भी बताया। रानी कपूर ने दावा किया कि उन्हें दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर किया गया था और उन्होंने ‘कुछ लोगों’ के परिवार की ओर से बोलने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी के बोर्ड में उनकी सहमति के बिना लोगों की नियुक्ति की जा रही है।