विराट कोहली की कप्तानी से हटने के बाद, क्या रोहित शर्मा की भी बारी आई?
Rohit Sharma: कहते हैं समय बहुत बलवान होता है। आज किसी और का, और कल किसी और का, यही तो समय का खेल है। जिस एमएस धोनी ने भारत को 2 विश्व कप सहित 3 ICC ट्रॉफी जितवाई, उन्हें मैदान से इंटरनेशनल क्रिकेट को बाय-बाय कहने का मौका नहीं मिला। जब तक वह कप्तान थे तो उपकप्तान विराट कोहली से मतभेद की खबरें आम थीं। दावा किया जाता था कि कोहली कप्तान बनना चाहते हैं, फिर समय आया विराट कोहली को रोहित के हाथों कप्तानी गंवानी पड़ी. आज भी एक समय है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि टीम इंडिया के पुराने ‘दो दुश्मन’ दोस्त बनने के बाद खौफनाक खेल खेल रहे हैं और मिस्टर फिक्स ईट फिर से कप्तानी की महत्वाकांक्षा रखते हैं। क्रिकेट में दिलचस्पी रखने वालों के लिए इशारा ही काफी है, लेकिन फिर भी पूरे मामले को समझने के लिए थोड़ा फ्लैश बैक में चलते हैं।
दरअसल, महेंद्र सिंह धोनी ने जब 2014 के अंत में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया तो विराट कोहली को कप्तानी मिली। उस समय विराट टेस्ट में दुनिया के बेस्ट बल्लेबाज माने जाते थे। हालांकि धोनी वनडे और T20 में टीम के कप्तान बने रहे। इस दौरान कई बार खबरें आईं कि विराट टेस्ट के साथ वनडे और T20 की कप्तानी भी चाहते हैं, लेकिन उन्हें लंबा इंतजार करना पड़ा। जब तक वह तीनों फॉर्मेट में कप्तान बनते उस समय तक वनडे और T20 में रोहित शर्मा भी कप्तानी के दावेदार थे। IPL में रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस कमाल कर रही थी तो विराट की RCB लगातार स्ट्रगल। इसके बाद भी 2017 में जब धोनी ने वनडे और T20 की कप्तानी छोड़ी तो विराट को यह जिम्मेदारी मिल गई।