Google Analytics Meta Pixel
देश

मानसून में हुई अच्छी बारिश, पोस्ट मॉनसून में गायब, हिमाचल बारिश को तरसा

नई दिल्ली। इस बार देश भर में मानसून की अच्छी बारिश हुई लेकिन पोस्ट मानसून बरसात न के बराबर है। हिमाचल प्रदेश में लंबे समय तक शुष्क मौसम के कारण गुरुवार को ज्यादातर इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री ज्यादा रहा। बता दें अक्टूबर से बारिश में 97 फीसदी की कमी दर्ज की गई है।

राज्य में बिलासपुर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री रहा जो सामान्य से 4.7 डिग्री ज्यादा था। धर्मशाला, सुंदरनगर, केलांग और शिमला में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री, 33.2 डिग्री, 16.5 डिग्री और 24.8 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 6.4 डिग्री, 5.6 डिग्री, 5.5 डिग्री और 5.2 डिग्री ज्यादा रहा। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य में 1 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक औसतन 0.7 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य बारिश 22.9 मिमी होती है यानी 97 फीसदी की कमी रही।

इस अवधि में बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कुल्लू, सिरमौर और सोलन जिलों में कोई बारिश नहीं हुई। लाहौल एवं स्पीति तथा शिमला जिलों में 99 फीसदी, किन्नौर में 98 फीसदी और कांगड़ा जिले में 94 फीसदी की कमी थी। मंडी और ऊना जिलों में 82 और 52 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बताया कि शुष्क मौसम 31 अक्टूबर तक जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *