आज फिर शुरू हुई यात्रा, जगन्नाथ महाप्रभु शाम को पहुंचेंगे गुडि़चा मंदिर
भगवान जगन्नाथ रथ पर सवार होकर निकल पड़े हैं भक्तों को दर्शन देने। रात 2 बजे से ही विधान शुरू हो गए थे। दिन में 11 बजे सबसे पहले मंदिर से बलभद्र, उसके बाद बहन सुभद्रा और सबसे अंत में भगवान जगन्नाथ निकले। रात से ही भक्तों का हुजुम उमड़ पड़ा था। जगन्नाथ मंदिर से गुडि़चा मंदिर पूरी तरह से लोगों से भरा हुआ था। गर्मी और उमस को देखते हुए लगातार फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां पानी का छिड़काव कर रही थी। जिला प्रशासन का अनुमान है कि करीब 10 लाख भक्त पहले दिन पहुंचे हैं। इन्हें व्यवस्थित करने के लिए पूरे प्रदेश से 10 हजार से अधिक वॉलेंटियर लगे हुए थे। पानी पिलाने से लेकर बीमार होने वालों को अस्पताल पहुंचाने में ये महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे।