यूक्रेन में शांति के लिए स्विट्जरलैंड में लगा बड़े-बड़े देशों का जमावड़ा
पिछले 27 महीने से जारी रूस-यूक्रेन युद्ध की समाप्ति के लिए शनिवार को स्विट्जरलैंड में दुनिया के 90 से अधिक देशों के प्रतिनिधि पहुंचे। इनमें अमरीकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस, जर्मन चांसलर ओलाफ शॉल्ज, फ्रांस के राष्ट्रपति इमानुएल मैक्रों सहित इटली, ब्रिटेन, भारत, कनाडा और जापान के नेता शामिल हैं। सम्मेलन में रूस को भी बुलाया गया था, लेकिन उसने वक्त की बर्बादी कहकर आने से इनकार कर दिया। चीन ने भी ऐन वक्त पर आने से मना कर दिया। वहीं सऊदी अरब ने भी इस सम्मेलन में आने से मना कर दिया। चीन की रूस के साथ बढ़ती नजदीकी को लेकर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने आरोप लगाया है कि सम्मेलन को कमजोर करने के लिए चीन, रूस की मदद कर रहा है। यूक्रेन की पहल पर हो रहे इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य यूक्रेन के लिए अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाना है।
