OBC मुसलमान आरक्षण को लेकर मचा घमासान
लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण में ओबीसी में पिछड़े मुसलमानों के आरक्षण को लेकर भाजपा व विपक्षी दलों में घमासान छिड़ गया है। अब विपक्षी दलों ने भाजपा को उनके शासित राज्यों में पिछड़े मुसलमानों को मिल रहे आरक्षण पर घेरना शुरू कर दिया है। इसके लिए आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने गुजरात में मुस्लिम आरक्षण वाली जातियों की सूची भी जारी की। जबकि कांग्रेस ने गुजरात में मुस्लिम पिछड़ों को आरक्षण की बात करने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पुराने साक्षात्कार की क्लिप जारी की है।
दरअसल, भाजपा मुसलमानों के आरक्षण पर कांग्रेस, आरजेडी, टीएमसी समेत अन्य दलों को घेर रही है। प्रधानमंत्री मोदी बार-बार कह रहे हैं कि वे किसी भी कीमत पर धार्मिक आधार पर आरक्षण को लागू नहीं होने देंगे। अब कांग्रेस ने मोदी के एक साक्षात्कार का वीडियो जारी किया है। यह करीब दो साल पुराना बताया जा रहा है, जिसमें मोदी कह रहे हैं कि भाजपा का सिद्धांत सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास है। इसको कभी बदला नहीं है। समाज व्यवस्था को कोई नकार नहीं सकता है।
