चीन से कराची जाने वाली शिप में थे न्यूक्लियर मिसाइल से जुड़े कंसाइनमेंट
मुंबई: भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने मुंबई के न्हावा शेवा बंदरगाह पर चीन से पाकिस्तान जा रहे एक जहाज को रोका है। अधिकारियों ने बताया कि कराची जाने वाले इस शिप को शक के आधार पर रोका गया। ऐसी सूचना है कि इस शिप में कुछ ऐसे संदिग्ध सामान मिले जिनका इस्तेमाल पाकिस्तान के परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम के लिए किया जा सकता था। इंडियन पोर्ट में पाकिस्तान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़ी ये संदिग्ध खेप मिलने से हड़कंप मच गया। कस्टम अधिकारियों ने खुफिया जानकारी के आधार पर एक कंप्यूटर न्यूमेरिकल कंट्रोल (सीएनसी) मशीन सहित इस कंसाइमेंट की जांच की। इसमें डीआरडीओ के अधिकारी भी शामिल हुए।