गोवा में उम्मीदवारी वापस लेगी AAP, चंडीगढ़ सीट कांग्रेस के खाते में
नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस के बीच दिल्ली के साथ-साथ गुजरात, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी गठबंधन करीब-करीब फाइनल हो गया है। AAP नेताओं का कहना है कि अब गठबंधन फाइनल होने की कगार पर है। बात घोषणा की स्टेज पर पहुंच गई है। इसका मतलब है कि गठबंधन की घोषणा कभी भी हो सकती है। दिल्ली में 4-3 का फॉर्म्युला तय हो गया है। AAP चार सीटों पर लड़ेगी और कांग्रेस तीन सीटों पर। गुजरात में आम आदमी पार्टी दो सीटों पर चुनाव लड़ेगी और हरियाणा में भी एक सीट आप को मिलेगी। गठबंधन के फॉर्म्युले के तहत चंडीगढ़ की सीट कांग्रेस के खाते में जाएगी। पंजाब में कांग्रेस और AAP दोनों अलग-अलग चुनाव लड़ रही हैं। ऐसे में चंडीगढ़ की सीट पर सबकी नजर थी। चंड़ीगढ़ मेयर चुनाव AAP और कांग्रेस ने मिलकर लड़ा था। सूत्रों का कहना है कि अब यह तय हुआ है कि कांग्रेस इस सीट पर अपना उम्मीदवार उतारेगी।