अय्यर और गिल के शतक के बाद सूर्या की तूफानी बल्लेबाजी
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुक़ाबला इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में भारतीय बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के सामने 400 रनों का विशाल लक्ष्य रखा है। भारत के लिए सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल और दायें हाथ के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने शतक लगाए हैं।
भारत ने इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 5 विकेट खोकर 399 रन बनाए हैं। अय्यर ने 90 गेंद पर 11 चौके और तीन सिक्स की मदद से 105 रनों की पारी खेली। यह उनके वनडे करियर का तीसरा शतक था। वहीं गिल ने 87 गेंद पर चार सिक्स और छह चौके की मदद से 104 रन बनाए। इन दोनों के अलावा कप्तान केएल राहुल ने 52 और सूर्यकुमार यादव ने 60 रनों की पारी खेली।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने तेज शुरुआत की। हालांकि सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ ज्यादा कुछ नहीं कर पाये और 12 गेंद में आठ रन बनाकर जोश हेजलवुड की गेंद पर विकेटकीपर एलेक्स कैरी को कैच दे बैठे। लेकिन उसके बाद श्रेयस अय्यर और शुभमन गिल ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की जमकर कुटाई की और दूसरे विकेट के लिए 200 रनों की साझेदारी की।
