अकासा को बंद करनी पड़ सकती हैं उड़ानें:43 पायलटों के अचानक इस्तीफे के बाद संकट में
अकासा एयर 43 पायलटों के इस्तीफे के बाद संकट में आ गई है। उसे अपना ऑपरेशन बंद करना पड़ सकता है। पायलटों के अचानक इस्तीफे के कारण कंपनी को सितंबर में हर दिन 24 उड़ानें कैंसिल करनी पड़ींं। एयरलाइन ने मंगलवार को दिल्ली हाईकोर्ट में यह जानकारी दी।
एयरलाइन के वकील ने जस्टिस मनमीत प्रीतम सिंह अरोड़ा से कहा, ‘पायलटों ने अनिवार्य नोटिस अवधि पूरी नहीं की, इसलिए अकासा एयर को हर दिन कई उड़ानें कैंसिल करने के लिए मजबूर होना पड़ा। फर्स्ट ऑफिसर्स के लिए नोटिस पीरियड 6 महीने और कैप्टन के लिए 1 साल है।’
पायलट अकासा एयर की राइवल एयरलाइंस में शामिल हो गए हैं। इसमें ये भी कहा गया है कि अकासा एयर के एक अधिकारी ने राइवल ग्रुप को पत्र लिखकर चिंता व्यक्त की और इसे अनैतिक बताया।
इस महीने 600-700 फ्लाइट कैंसिल हो सकती हैं
अकासा एक दिन में 120 उड़ानें ऑपरेट करती है। इस महीने 600-700 फ्लाइट कैंसिल हो सकती हैं। अगस्त में भी उसे 700 उड़ानें कैंसिल करनी पड़ी थीं। अकासा का मार्केट शेयर अगस्त में कम हो कर 4.2% पर आ गया। जुलाई में यह 4.2% था।
