भारत ने वेस्टइंडीज से लगातार 9वीं टेस्ट सीरीज जीती:दूसरा टेस्ट ड्रॉ रहा
भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ लगातार नौवीं टेस्ट सीरीज जीत ली है। टीम ने 2 टेस्ट की सीरीज 1-0 से अपने नाम की। सीरीज का दूसरा मुकाबला ड्रॉ रहा। भारतीय टीम ने पहला मुकाबला पारी और 141 रनों से जीता था, इस तरह यह सीरीज टीम इंडिया के नाम रही। वेस्टइंडीज ने भारत से आखिरी टेस्ट सीरीज 2002 में जीती थी।
पोर्ट ऑफ स्पेन में खेले गए इस मुकाबले का पांचवां और आखिरी दिन बारिश के नाम रहा। दोपहर तक रुक-रुककर बारिश होती रही। शाम तक भी मौसम साफ नहीं हुआ, जिस कारण टेस्ट में एक भी बॉल नहीं फेंकी जा सकी। हार-जीत का फैसला नहीं हो सका और भारत को ड्रॉ से संतोष करना पड़ा।
रविवार को चौथे दिन वेस्टइंडीज को 365 रन का टारगेट मिला था, टीम ने स्टंप्स तक 2 विकेट पर 76 रन बना लिए थे। टीम इंडिया अब 27 जुलाई से वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी।
