PM पद के 5 दावेदार, क्या होगा ‘INDIA’ का
बेंगलुरु में 17 और 18 जुलाई को दो दिन चली विपक्ष की मीटिंग में कुछ हासिल हुआ, तो वो है गठबंधन का नया नाम- INDIA यानी इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस। सबसे बड़ा सवाल बना ही रहा कि 2024 लोकसभा चुनाव में मोदी के सामने कौन होगा? इसे लीड कौन करेगा, अभी तय नहीं है।
INDIA में शामिल 26 पार्टियां अब मुंबई में मिलेंगी। इसी में तय होगा कि विपक्षी गठबंधन का चेहरा कौन होगा। अगली मीटिंग की तारीख भी तय नहीं है। सारी बातें 11 मेंबर की को-ऑर्डिनेशन कमेटी तय करेगी। अलायंस का दिल्ली में अलग ऑफिस भी होगा।
मीटिंग खत्म होने के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिहार के CM नीतीश कुमार नहीं थे, लालू-तेजस्वी भी नहीं थे। BJP नेता सुशील कुमार मोदी ने आरोप लगाया कि अलायंस का संयोजक न बनाए जाने से नाराज होकर नीतीश बिहार लौट गए।
हालांकि, नीतीश की पार्टी JD(U) के अध्यक्ष ललन सिंह ने नाराजगी की खबरों को गलत बताया। हालांकि, संकेत मिल गए कि अलायंस में एका बनाए रखना बड़ी चुनौती होगी। इससे पहले अलायंस का नाम INDIA रखने पर भी नीतीश राजी नहीं थे। उन्होंने कहा भी कि ये देश का नाम है। क्या ये नाम किसी पार्टी को दे सकते हैं?