चुनाव से पहले क्यों हटाए गए मोहन मरकाम?
रायपुर: पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम को छत्तीसगढ़ में बड़ी जिम्मेदारी मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खुद इस बात का खुलासा किया है। दरअसल, बुधवार को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाए गए मोहन मरकाम को सरकार में शामिल किया जाएगा। मोहन मरकाम को प्रेमसाय सिंह टेकाम की जगह कैबिनेट मंत्री बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि शुक्रवार को मोहन मरकाम मंत्रिमंडल में शामिल होंगे। उन्होंने कैबिनेट विस्तार की बात कही है। हालांकि अभी तक ये साफ नहीं हुआ है कि केवल मोहन मरकाम मंत्रिमंडल में शामिल होंगे या दूसरे विधायक भी शामिल हो सकते हैं।
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य में हाल के दिनों में कई बदलाव किए गए हैं। पहले टीएस सिंहदेव को राज्य का उप मुख्यमंत्री बनाया गया था। बुधवार को मोहन मरकाम की जगह बस्तर से सांसद दीपक बैज को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। अब मोहन मरकाम को कैबिनेट में शामिल किया जा रहा है।