इस्तीफे की पेशकश पर बीरेन सिंह ने कहा- PM और गृहमंत्री के पुतले जलाए गए, मैं दुखी था
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा कि वे लोगों के बर्ताव से दुखी थे। मणिपुर में 2 महीने से जारी हिंसा के बीच बीरेन सिंह ने शुक्रवार यानी 30 जून को इस्तीफा देने की बात सोची। इसके लिए वे राज्यपाल अनुसुइया उइके से मिलने वाले थे। हालांकि बाद में उन्होंने अपना फैसला बदल दिया।
शुक्रवार को जब उनके इस्तीफा देने की खबरें आईं तो सैकड़ों महिलाएं प्रदर्शन करने लगीं। उन्होंने कहा कि बीरेन सिंह इस्तीफा ना दें, बल्कि हिंसा फैलाने वालों पर सख्त एक्शन लें। मुख्यमंत्री ने शाम 4 बजकर 1 मिनट पर ट्विटर पर लिखा- इस मोड़ पर तो मैं इस्तीफा नहीं देने वाला हूं।
न्यूज एजेंसी ANI को शनिवार को दिए एक इंटरव्यू में बीरेन सिंह ने कहा- लोगों ने प्रधानमंत्री के पुतले जलाने शुरू कर दिए। भाजपा दफ्तरों पर हमला शुरू कर दिया। पीएम के पुतले क्यों जलाए, उन्होंने क्या किया था? मेरे पुतले जलाते तो कोई बात नहीं थी। इससे मैं दुखी हो गया।
बीरेन सिंह ने कहा कि हालांकि राज्य में मैतेई और कुकी समुदायों के बीच चल रही हिंसा में पड़ोसी देशों के हाथ होने की पुष्टि या खंडन करना संभव नहीं है, लेकिन ये हिंसा प्री-प्लांड लगती है।