मणिपुर हिंसा, इंफाल में भीड़ और सेना के बीच फायरिंग:शाह 24 जून को ऑल-पार्टी मीटिंग करेंगे
मणिपुर में 3 मई से शुरू हुई हिंसा के 50 दिन पूरे हो गए हैं, लेकिन हालात खराब बने हुए हैं। यहां रोजाना ही फायरिंग या ब्लास्ट की घटनाएं हो रही हैं।
गुरुवार सुबह 5 बजे इंफाल वेस्ट जिले के नॉर्थ बोलजांग में अज्ञात लोगों और असम राइफल्स ट्रूप के बीच फायरिंग हुई। इसमें दो सैनिक घायल हो गए। दोनों की हालत स्थिर है।
इससे पहले बुधवार रात बिष्णुपुर में कार विस्फोट में 3 लोग घायल हुए, जबकि बुधवार शाम करीब 5:45 बजे इंफाल ईस्ट जिले में ऑटोमैटिक स्मॉल आर्म्स के शॉट फायर किए गए।
हालात देखते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार 24 जून को दिल्ली में सर्वदलीय बैठक बुलाई है।
इस बैठक को कांग्रेस ने बहुत लेट और नाकाफी बताया है। कांग्रेस का कहना है कि अगर मणिपुर के लोगों के साथ बातचीत की कोशिश दिल्ली में बैठकर की जाएगी, तो इसमें गंभीरता नहीं दिखेगी।