गुजरात से टकराया बिपरजॉय:दूसरे राज्यों में कितना असर
चक्रवात बिपरजॉय गुजरात से टकरा गया है। सौराष्ट्र और कच्छ में हवा की रफ्तार 125 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई है। लैंडफॉल शुरू हो गया है। इसकी चपेट में आस-पास के 10-12 जिले रहेंगे, लेकिन इसका असर कई राज्यों में होगा।
कई इलाकों में बाढ़ का खतरा
बिपरजॉय से प्रभावित जिलेः सौराष्ट्र, कच्छ के साथ देवभूमि द्वारका, पोरबंदर, जामनगर, मोरबी, जूनागढ़ और राजकोट। मौसम विभाग ने सौराष्ट्र-कच्छ के साथ देवभूमि द्वारका और जामनगर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
हवा की अधिकतम रफ्तार: 15 जून को बिपरजॉय के जखौ में टकराने के बाद अधिकतम 150 किमी/घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
बारिश: 15 जून की शाम से ही कच्छ, देवभूमि द्वारका और जामनगर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर 20 से 25 सेमी (200 से 250 मिमी) बारिश हो रही है। ये अत्यधिक भारी बारिश की कैटेगरी में आता है। इससे निचले इलाकों में बाढ़ आने का खतरा है। समंदर में 5-6 मीटर ऊंची लहरें उठ रही हैं।