प्लेबैक सिंगर शारदा का 86 की उम्र में निधन:
60 और 70 के दशक की मशहूर प्लेबैक सिंगर शारदा राजन अयंगर का 86 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। लंबे वक्त से कैंसर से पीड़ित शारदा ने बुधवार को आखिरी सांस ली। शारदा को 1966 में रिलीज हुई राजेंद्र कुमार और वैजयंतीमाला की फिल्म ‘सूरज’ के गीत ‘तितली उड़ी..’ के लिए याद किया जाता है।
शारदा को इंडस्ट्री में लाने का श्रेय राज कपूर को जाता है। राज कपूर ने उन्हें ईरान की राजधानी तेहरान के एक फंक्शन में गाते हुए सुना और फिर वॉइस टेस्ट के लिए ऑफर किया था। हालांकि, शारदा को पहला ब्रेक 1966 में रिलीज हुई फिल्म ‘सूरज’ से मिला। इसमें उनका गाया गाना ‘तितली उड़ी’ बेहद मशहूर हुआ।
शर्मिला से लेकर रेखा तक की आवाज बनीं
शारदा ने प्रसिद्ध शंकर-जयकिशन की जोड़ी के साथ कई हिट गाने दिए। उन्हाेंने मोहम्मद रफी, किशोर कुमार और आशा भोसले जैसे कई मशहूर सिंगर्स के साथ भी काम किया था। अपने करियर में शारदा शर्मिला टैगोर, वैजयंतीमाला, सायरा बानो, हेमा मालिनी और रेखा जैसी एक्ट्रेसेस की आवाज रहीं।