चीन की रक्षा के लिए सीमा पर फौलाद बन जाएं… शी जिनपिंग ने PLA सैनिकों से की अपील
बीजिंग: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने सीमा पर तैनात अपने सैनिकों से आह्वान किया है कि वे सीमा रक्षा और नियंत्रण में अपनी क्षमताओं को बढ़ाकर देश की सरहदों पर फौलादी ताकत बनाएं। सरकारी मीडिया ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) और पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) की शीर्ष कमान केंद्रीय सैन्य आयोग (सीएमसी) के प्रमुख शी ने बुधवार को आंतरिक मंगोलिया स्वायत्त क्षेत्र में सीमा प्रबंधन और नियंत्रण का जायजा लेने के लिए दौरा किया।
सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ ने शुक्रवार को बताया कि चीनी राष्ट्रपति ने सैनिकों से सीमा रक्षा में नयी मिसाल कायम करने को कहा। उन्होंने सीमा पर तैनात चीनी सैनिकों से देश की सीमाओं पर फौलादी ताकत बनने के लिए सीमा रक्षा और नियंत्रण में अपनी क्षमताओं को बढ़ाने का आह्वान किया है। अपने पूर्ववर्तियों के विपरीत, 2012 में सत्ता में आए शी ने तिब्बत सहित विभिन्न सीमावर्ती क्षेत्रों में नियमित रूप से यात्रा कर सैनिकों से संवाद किया है। वर्ष 2021 में, तिब्बत की अपनी पहली यात्रा के दौरान उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के निकट रणनीतिक रूप से स्थित सीमावर्ती शहर न्यिंगची की एक दुर्लभ यात्रा की।