ट्रेड डेफिसिट घटकर 21 महीने के निचले स्तर पर आया:अप्रैल महीने में 15.24 बिलियन डॉलर रहा
भारत का ट्रेड डेफिसिट यानी व्यापार घाटा अप्रैल महीने में घटकर 21 महीने के निचले स्तर पर आ गया है। ट्रेड डेफिसिट के घटने के पीछे इंपोर्ट और एक्सपोर्ट दोनों में कमी को बताया जा रहा है। डोमेस्टिक डिमांड में नरमी और वस्तुओं की कीमतों में कमी के कारण इंपोर्ट बिल कम हुआ है। देश का ट्रेड डेफिसिट 15.24 बिलियन डॉलर था, जबकि टोटल इंपोर्ट 49.9 बिलियन डॉलर था।
इंपोर्ट 14.1% गिरकर 49.9 बिलियन डॉलर हो गया
सरकार द्वारा 15 मई को जारी आंकड़ों से पता चलता है कि एक्सपोर्ट और इंपोर्ट के बीच का अंतर मार्च में 19.73 बिलियन डॉलर से गिरकर अप्रैल में 15.24 बिलियन डॉलर हो गया है। इकोनॉमिस्ट के ब्लूमबर्ग सर्वे ने 19.04 बिलियन डॉलर की व्यापार कमी का अनुमान जताया था। अप्रैल महीने में एक साल पहले के मुकाबले इंपोर्ट 14.1% गिरकर 49.9 बिलियन डॉलर हो गया, जबकि एक्सपोर्ट 12.7% गिरकर 34.66 बिलियन डॉलर रह गया है।
भारत का सर्विस एक्सपोर्ट 30.36 बिलियन डॉलर बढ़ा
हालांकि, इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी एंड बिजनेस कंसल्टिंग वर्क में तेज उछाल के कारण सर्विस एक्सपोर्ट में दूसरे महीने ग्रोथ देखने को मिली है। मार्च में 27.75 बिलियन डॉलर की तुलना में अप्रैल महीने में भारत का सर्विस एक्सपोर्ट 30.36 बिलियन डॉलर बढ़ा है। यह दिसंबर 2022 में 31.09 बिलियन डॉलर के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया था।
