सीएम भूपेश बघेल का ED पर डायरेक्ट अटैक, शराब घोटाले में नाम जोड़ने का लगाया आरोप
रायपुरः छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ईडी पर बड़ा आरोप लगाया है। बघेल ने कहा है कि ईडी कथित शराब घोटाले में उनका नाम जोड़ने की कोशिश कर रही है। उन्होंने ईडी की कार्रवाई के तरीकों पर भी सवाल उठाया है। उन्होंने कहा है कि यदि डिस्टिलर्स बिना सरकार को पैसा दिए छत्तीसगढ़ में शराब बेच रहे हैं तो यह उनका अपराध है, लेकिन ईडी उन्हें गवाह के रूप में पेश कर रही है। बघेल ने कहा है कि उनकी सरकार इस मामले में विधि विशेषज्ञों की सलाह ले रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा।
भूपेश बघेल इससे पहले तक ED की कार्रवाईयों को लेकर केंद्र सरकार पर आरोप लगाते थे। अब उन्होंने सीधे ईडी के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया है। बघेल ने ईडी पर झूठा केस बनाकर काम करने और जबरन नाम जोड़ने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। इसी के साथ उन्होंने बीजेपी पर उनकी सरकार के खिलाफ षडयंत्र करने का भी आरोप लगाया।
