यस बैंक के मुनाफे में बड़ी गिरावट, चौथी तिमाही में नेट प्रॉफिट 45 फीसदी तक घटा
नई दिल्ली: निजी सेक्टर के दिग्गज बैंक यस बैंक का रिजल्टअच्छा नहीं रहा है। यस बैंक के लिए मार्च 2023 मिली-जुली रही है। जनवरी-मार्च 2023 में यस बैंक का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर गिरा है। हालांकि तिमाही आधार पर बंपर बढ़ा भी है। निजी क्षेत्र के यस बैंक ने शनिवार को बताया कि बीते वित्त वर्ष की मार्च तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा 45 प्रतिशत घटकर 202 करोड़ रुपये रह गया। बैंक ने शेयर बाजार को बताया कि वित्त वर्ष 2022-23 के दौरान उसका शुद्ध लाभ 32.7 प्रतिशत घटकर 717 करोड़ रुपये रहा।
यस बैंक ने कहा कि कर्ज के लिए प्रावधान बढ़ाने के चलते मार्च तिमाही और पूरे वित्त वर्ष के दौरान उसके मुनाफे पर असर पड़ा। समीक्षाधीन तिमाही में यस बैंक की शुद्ध ब्याज आय 15.4 प्रतिशत बढ़कर 2,105 करोड़ रुपये हो गई। इस तरह गैर-ब्याज आय 22.8 प्रतिशत बढ़कर 1,082 करोड़ रुपये रही। बैंक ने कहा कि यह लगातार दूसरा साल है, जब वह मुनाफा दर्ज करने में सफल रहा है।
