भारत में जमकर iPhone खरीद रहे लोग,देश में इस हफ्ते खुलेगा पहला एपल स्टोर
नई दिल्ली : भारत में लोग जमकर आईफोन खरीद रहे हैं। इससे भारत में आईफोन मेकर एपलकी सेल काफी बढ़ गई है। एपल की भारत में सेल्स बीते वित्त वर्ष में करीब 6 अरब डॉलर (4,92,22,83,00,000 रुपये) के नए उच्च स्तर पर पहुंच गई है। यह देश में एपल की बढ़ती इंपोर्टेंस को बताता है। एपल के सीईओ टिम कुक इस समय भारत यात्रा पर हैं। मुंबई में भारत का पहला एपल स्टोर खुलने जा रहा है। कुक इसकी लॉन्चिंग के लिए भारत आए हैं। वे बुधवार को पीएम मोदी से भी मिल सकते हैं। भारत में एपल का राजस्व एक साल पहले के 4.1 अरब डॉलर से करीब 50 फीसदी उछल गया है। मामले से जुड़े एक व्यक्ति ने यह जानकारी दी है। एपल 4 मई को तिमाही नतीजों की घोषणा करने वाली है। ऐसे संकेत हैं कि कंपनी के कुल वैश्विक राजस्व में गिरावट आएगी।
