Google Analytics Meta Pixel
Saturday, May 16, 2026
Latest:
खास खबरफीचर्ड

पूर्व उप मुख्यमंत्री के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री ने बढ़ाई भाजपा की चिंता

बेंगलूरु. राज्य में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों को लेकर भाजपा की चिंता बढ़ती जा रही है। टिकट नहीं मिलने से निराश होकर राज्य के पूर्व उप मुख्यमंत्री लक्ष्मण सवदी ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है तो वहीं पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर बागी तेवर दिखा रहे हैं। शेट्टर ने कहा कि वह रविवार तक टिकट दिए जाने पर पार्टी के फैसले का इंतजार करेंगे उसके बाद अगला कदम उठाएंगे।
शेट्टर ने यह भी कहा कि उन्हें टिकट न दिए जाने का असर राज्य में कम से कम 20 से 25 सीटों पर पड़ेगा। बताया जाता है कि भाजपा के आलाकमान ने उनसे हुब्बाली-धारवाड मध्य सीट से विधानसभा चुनाव के लिए अपनी उम्मीदवारी वापस लेने के लिए कहा है जिसके लिए वे तैयार नहीं हैं।
हालांकि भाजपा ने अभी तक हुब्बाली-धारवाड मध्य समेत कर्नाटक की 12 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की सूची जारी नहीं की है।
माना जा रहा है कि शेट्टर को टिकट नहीं मिलने से पार्टी को चुनाव में नुकसान उठाना पड़ सकता है। पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येडियूरप्पा ने भी कहा है कि शेट्टर को टिकट नहीं मिलने पर इसका केवल एक क्षेत्र पर असर नहीं पड़ेगा। इसका निश्चित तौर पर पूरे कर्नाटक पर असर पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *