सरकारी खजाने में जमकर आया पैसा, मार्च में दूसरा सबसे बड़ा जीएसटी कलेक्शन

नई दिल्ली : ग्लोबल इकॉनमी में बढ़ती सुस्ती के बावजूद देश में जीएसटी कलेक्शन में तेजी का रुख जारी है। जीएसटी मार्च में सालाना आधार पर 13 फीसदी बढ़कर 1.60 लाख करोड़ रुपये हो गया। यह अब तक का दूसरा सबसे बड़ा कलेक्शन है। अब तक का सबसे ज्यादा कलेक्शन अप्रैल, 2022 में 1.68 लाख करोड़ था। मार्च, 2023 में अब तक के सर्वाधिक जीएसटी रिटर्न भी जमा किए गए। वित्त मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार मार्च, 2023 में कुल जीएसटी कलेक्शन 1,60,122 करोड़ रुपये रहा। खास बात यह भी है कि वित्त वर्ष 2022-23 के दौरान जीएसटी का कुल कलेक्शन 18.10 लाख करोड़ रुपये रहा है। यह वित्त वर्ष 2021-22 की तुलना में 22 फीसदी अधिक है।

वस्तु एवं सेवा कर यानी जीएसटी जुलाई 2017 में लागू हुआ था। इसके बाद से मार्च, 2023 में दूसरा सबसे बड़ा जीएसटी कलेक्शन आया है। मार्च में आए कुल जीएसटी कलेक्शन में 29,546 करोड़ रुपये का CGST, 37,314 करोड़ रुपये का SGST, 82,907 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड IGST और 10,355 करोड़ रुपये का cess शामिल है। सरकार ने शनिवार को जारी किये आंकड़ों में यह जानकारी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *