पेंशन की वजह से फ्रांस में बवाल जारी, 441 पुलिसकर्मी घायल
पेरिस: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के पेंशन सुधारों को लेकर शुक्रवार को भी देश में अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शन जारी रहा, जिसके कारण ट्रेन यातायात मंद पड़ गया और मार्सिले के वाणिज्यिक बंदरगाह तक ट्रकों की कतारें लग गईं। वहीं, गुरुवार को देश में हुए व्यापक प्रदर्शन के कारण मची तबाही सड़कों पर आज भी नजर आई। पेरिस में और आसपास से 450 से अधिक प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया।
कूड़ादान बने विरोध का प्रतीक
फ्रांस के गृह मंत्री गेराल्ड डारमैनिन ने शुक्रवार को बताया कि कुछ मार्च के दौरान हिंसा होने से करीब 441 पुलिस कर्मी व अन्य अधिकारी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि एक दिन पहले हुए प्रदर्शन में फ्रांस की राजधानी में 1,000 कूड़ेदान में आग लगा दी गई थी। एक सप्ताह से जारी कूड़ा उठाने वालों की हड़ताल के बीच कूड़ादान विरोध का प्रतीक बन गए हैं। उधर, ऊर्जा पारगमन मंत्री एग्नेस पेन्नर रंचर के अनुसार पुलिस के हस्तक्षेप के बाद नॉरमंडी स्थित रिफाइनरी में तेल की आपूर्ति शुक्रवार को बहाल हुई। हालांकि प्रदर्शनकारी आगे रिफाइनरी में आपूर्ति को बाधित करने को लेकर बैठकें कर रहे हैं।