SVB में भारतीय स्टार्टअप्स के 8,254 करोड़ रु जमा
मुश्किलों में फंसे सिलिकॉन वैली बैंक (SVB) में भारतीय स्टार्टअप्स के करीब 1 बिलियन डॉलर यानी 8,254 करोड़ रुपए जमा हैं। इस बात की जानकारी भारत के यूनियन मिनिस्टर राजीव चंद्रशेखर ने दी है। चंद्रशेखर ने यह भी बताया कि उन्होंने वित्त मंत्री को सुझाव दिया है कि भारतीय स्टार्टअप्स के लिए अब देश के लोकल बैंकों को आगे आना चाहिए और उनको ज्यादा से ज्यादा फंड देकर उनकी मदद करनी चाहिए।
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और IT राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने गुरुवार (16 मार्च) देर रात ट्विटर पर लाइव सेशन के दौरान कहा, ‘मुद्दा यह है कि आने वाले महीने में अपनी सभी अनिश्चितताओं के साथ अमेरिकी बैंकिंग सिस्टम्स पर निर्भर रहने के बजाय, हम स्टार्टअप्स को भारतीय बैंकिंग सिस्टम में कैसे परिवर्तित कर सकते हैं? हमको भारतीय बैंकों पर निर्भरता बढ़ानी होगी।’
भारतीय स्टार्टअप्स का SVB में 1 बिलियन डॉलर से ज्यादा का फंड जमा
चंद्रशेखर ने कहा कि विदेशी बैंकिंग सिस्टम की अनिश्चितताओं के बढ़ने से सीधा असर बैंक पर निर्भर स्टार्टअप्स पर होगा। उन्होंने बताया कि उनके अनुमान के अनुसार, सैकड़ों भारतीय स्टार्टअप्स का SVB में 1 बिलियन डॉलर से ज्यादा का फंड जमा था।