रोमांचक मैच में इंग्लैंड से हारी हरमन सेना
गेकबेर्हा: भारतीय महिला टीम को महिला टी-20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड से रोमांचक मुकाबले में हार मिली है। टीम इंडिया ने आखिरी गेंद तक लड़ाई की और ऋचा घोष ने अपनी पूरी कोशिश की, लेकिन भारत 11 रन जीत से दूर रह गई। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 151 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 5 विकेट पर 140 रन तक पहुंच सकी। भारत के लिए उपकप्तान स्मृति मंधाना ने सबसे अधिक 52 रन बनाए, जबकि ऋचा घोष ने नाबाद 47 रन बनाए। रेणुका सिंह ने 5 विकेट झटके।
भारतीय टीम की शुरुआत रही खराब, शेफाली सस्ते में आउट
152 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शेफाली वर्मा सिर्फ 8 रन बनाकर बेल का शिकार बनीं। वह 11 गेंदों में एक चौका लगा सकीं। इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्ज भी 13 रन बनाकर चलती बनीं। उन्हें सारा ग्लेन ने आउट किया। ये दोनों कैच कैथरीन ब्रंट ने लपके। दूसरे छोर पर स्मृति मंधाना लगातार रन बरसा रहीं थीं, लेकिन उन्हें साथ नहीं मिल रहा था।
